Friday, October 9, 2009

दुनिया का हर चौथा व्यक्ति मुस्लिम

दुनिया में मुस्लिमों की जनसंख्या 1.57 अरब है और हर चार व्यक्तियों में से एक मुस्लिम है। यह खुलासा एक अध्ययन में हुआ है। अध्ययन के मुताबिक, मुस्लिम आबादी वाला भारत तीसरा सबसे बड़ा देश है।



प्यू फोरम ऑन रिलीजन एंड पब्लिक लाइफ की ओर से 200 से अधिक देशों में कराए गए अध्ययन में पता चला है कि दुनिया की अनुमानित कुल जनसंख्या 6.8 अरब का 23 प्रतिशत मुस्लिम हैं। अध्ययन में कहा गया है, ‘विश्व के आबादी वाले पांचों महाद्वीपों में मुस्लिम पाए जाते हैं और इनकी 60 प्रतिशत से अधिक आबादी एशिया में रहती है। वहीं, 20 प्रतिशत मुस्लिम मध्य-पूर्व और उत्तरी अफ्रीका में रहते हैं।’



मध्य-पूर्व और उत्तरी अफ्रीका में मुस्लिम बहुल देशों की संख्या सबसे अधिक है। इस क्षेत्र के 20 देशों में आधे से अधिक ऐसे हैं, जिनकी जनसंख्या में 95 प्रतिशत या इससे अधिक मुसलमान हैं। अध्ययन के मुताबिक, 30 करोड़ से अधिक मुसलमान ऐसे देशों में रहते हैं, जहां इस्लाम बहुमत वाला धर्म नहीं है। चीन में जहां सीरिया से अधिक मुसलमान रहते हैं, वहीं रूस की मुस्लिम आबादी जॉर्डन और लीबिया की संयुक्त जनसंख्या से भी अधिक है।



मुसलमानों की कुल जनसंख्या का 10 से 13 प्रतिशत शिया हैं और 87 से 90 प्रतिशत सुन्नी हैं। अधिकांश शिया आबादी भारत, पाक, ईरान, इराक में है।

No comments: